

मां के स्नेह को समर्पित हरियाली की सौगात
शासकीय एकीकृत विद्यालय गंगापुर के अतिथि शिक्षक लोकेश कवड़कर की सराहनीय पहल
अतिथि शिक्षक ने अपनी मां के 50वें जन्मदिन पर विद्यालय परिसर में लगाए 50 पौधे
सारनी।जब एक शिक्षक का हृदय मां के प्रति श्रद्धा और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता से भर जाता है,तब वह समाज के सामने एक नई मिसाल कायम करता है। प्रभात पट्टन विकासखंड के शासकीय एकीकृत विद्यालय गंगापुर में कार्यरत अतिथि शिक्षक लोकेश कवड़कर ने अपनी मां दीपा कवड़कर के 50वें जन्मदिवस को विशेष बनाने के लिए एक ऐसा कार्य किया जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अतिथि शिक्षक श्री कवड़कर ने विद्यालय परिसर में 50 पौधे रोपित किए और इस कार्य को और अधिक भावनात्मक बनाने के लिए विद्यालय के प्रत्येक छात्र से उनकी मां के नाम पर एक पौधा लगाने का आग्रह किया। देखते ही देखते यह पहल एक समारोह में बदल गया,जहां हर छात्र ने अपनी मां को याद करते हुए एक पौधा लगाया।इस अवसर पर शिक्षक लोकेश कवड़कर ने कहा कि मां और वृक्ष दोनों ही जीवनदाता हैं। मां हमारे जीवन को आकार देती है और वृक्ष हमें जीवन जीने का आधार देते हैं। विद्यालय के प्राचार्य दिनेश अतकरे,ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती लीला देशुमख, शिक्षका सुरेखा पाटिल, सुरेखा मगरदे, शाला अध्यक्ष विट्ठल आवारे, कैलाश देशमुख एवं ग्रामवासियों ने इस अद्वितीय आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बच्चों के मन में मां के प्रति आदर भाव और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का बीज बोएगी। शिक्षक कवड़कर की यह सोच निश्चित ही समाज में प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और हर साल एक नया पौधा लगाकर इस परंपरा को आगे बढ़ाने की शपथ ली।








